सहरसा से बड़ी खबर है, जहां बसनही थाना क्षेत्र में हुए लूट कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में लूटे गए गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं।

सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसनही थाना क्षेत्र में 26 मार्च 2026 को हुए लूट कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, वीर सिंह नामक व्यक्ति पिकअप वाहन से गैस सिलेंडर वितरण का कार्य कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे रतनपुर पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर ₹25,000 नगद, मोबाइल फोन, वाहन और गैस सिलेंडर लूट लिए थे।

 

घटना के बाद पीड़ित द्वारा बसनही थाना में आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर कांड संख्या 50/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी छोटू कुमार और सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र निवासी करण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए 20 गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिए हैं, जिन्हें विधिवत जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। प्रशासन ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *