धनबाद से बड़ी खबर है, जहां रामनवमी के दौरान उपद्रव फैलाने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। बलियापुर इलाके में माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

धनबाद के बरियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियापुर में रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले उपद्रवियों पर अब पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 18 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बलियापुर बाजार और भिखराजपुर क्षेत्र में पैदल परेड कराई गई। इस दौरान पुलिस ने सख्त निगरानी में आरोपियों को सड़कों पर घुमाया, ताकि समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून का डर कायम करना है।

 

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 40 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कई संदिग्धों की पहचान भी की जा चुकी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के अनुसार, त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन की सतर्कता के चलते शांति बहाल हो चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि त्योहारों के नाम पर उपद्रव फैलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *