भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रखंड के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण और पूजन कर भगवान बजरंगबली से सुख-शांति की कामना की।
वहीं सुल्तानगंज के ध्वजागली स्थित प्रसिद्ध मोछ वाले हनुमान मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में ध्वजारोहण कर विशेष पूजा-अर्चना की। दोपहर में आयोजित भव्य महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महाआरती के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और “जय श्री राम” एवं “जय बजरंगबली” के नारों से इलाका गूंज उठा।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि मोछ वाले हनुमान मंदिर बिहार और झारखंड में विशेष पहचान रखता है। मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण वर्षों पूर्व हुआ था और यहां पूजा करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को संध्या महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
रामनवमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ आगामी 28 मार्च को संध्या समय भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर बजरंगवली युवा समिति के सदस्य विक्की गुप्ता, संतोष गुप्ता, संजय चौधरी, गुड्डू गुप्ता, विनोद गुप्ता, पिंटु मंडल, सुमित कुमार, अंकित कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रामनवमी के इस भव्य आयोजन ने सुल्तानगंज में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
