बिहार के भागलपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशा करने से मना करना एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ गई। मामला नाथनगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव का है।
मृतक की पहचान रोशन कुमार, पिता जमुना मंडल, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 23 तारीख की शाम करीब 7 बजे रोशन कुमार के घर के सामने कुछ युवक नशा कर रहे थे। जब रोशन ने इसका विरोध किया, तो यह बात आरोपियों को नागवार गुजर गई।
आरोप है कि रोहित कुमार, आशीष कुमार, गुलजारी कुमार, किसलय कुमार सहित 7 से 8 अन्य युवकों ने मिलकर रोशन कुमार पर हमला कर दिया। सभी ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन शाम करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि रोशन कुमार की शादी पिछले वर्ष 8 मई 2025 को हुई थी। उसकी पत्नी इस समय 6 महीने की गर्भवती है, जिससे परिवार की स्थिति और भी दयनीय हो गई है। रोशन अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ते नशे और उससे जुड़ी हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
