सहरसा सदर अस्पताल परिसर से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान शुक्रवार को कर ली गई है। इस खुलासे के बाद जहां एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं इस मामले ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सोनपुरा गांव निवासी 36 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है, जो राजू कुमार की पत्नी थीं। प्रियंका सहरसा नगर निगम क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी के पास अपने दोनों बेटों के साथ रहती थीं, जबकि उनका मायका बटराहा वार्ड नंबर 37 में स्थित है।
बताया जा रहा है कि प्रियंका कुमारी दो बहनों में सबसे बड़ी थीं और वर्ष 2008 में उनकी शादी हुई थी। उनके पति राजू कुमार मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा 10वीं और छोटा बेटा 9वीं कक्षा में पढ़ता है।
मृतका की मां संगीता देवी के अनुसार, बुधवार रात उनकी बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी और उस दौरान उसने किसी तरह की बीमारी या अस्पताल जाने की बात नहीं कही थी। वहीं, मृतका के ससुर शिव पूजन राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर लावारिस महिला के शव की खबर और तस्वीर देखने के बाद वे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान की।
परिजनों के मुताबिक, बड़े बेटे सत्यम ने बताया कि उसकी मां सुबह करीब 8 बजे गैस का केवाईसी कराने के लिए घर से निकली थी और करीब 10 बजे फोन कर जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
इधर, सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो युवक महिला को लाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इन दोनों की पहचान करने में जुटी है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी कब सुलझती है।
