सहरसा जिले में जमीन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही मारपीट की घटनाओं के बीच एक और व्यक्ति की जान चली गई है। ताजा मामला डरहार थाना क्षेत्र के बकुनिया पंचायत वार्ड संख्या 12 का है, जहां दो बीघा जमीन के विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

बताया जा रहा है कि गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। गुरुवार को यह विवाद अचानक उस वक्त बढ़ गया, जब पानी बहाने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामूली झड़प ने हिंसक रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

 

मृतक के पुत्र छेदी यादव ने बताया कि उनके पिता सिंघेश्वर यादव का गांव के ही पंकज यादव और धीरज यादव के साथ जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार को आरोपियों द्वारा भैंस धोने के कारण पानी सड़क पर बह गया, जिससे कीचड़ हो गया। इसी दौरान उनके पिता घर लौट रहे थे और फिसलकर गिर पड़े।

 

छेदी यादव के अनुसार, जब उनके पिता ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। इस हमले में सिंघेश्वर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घायल अवस्था में उन्हें पहले किरतपुर ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए पटना रेफर किया गया। लेकिन इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना में अन्य कई लोग भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रहे जमीन विवाद के मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक जमीन के छोटे-छोटे विवाद लोगों की जान लेते रहेंगे?

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *