सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड में गैस एजेंसी की लापरवाही से आम उपभोक्ता काफी परेशान नजर आ रहे हैं। जहां एक ओर जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी और निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर “मां भगवती HP ग्रामीण वितरक” गैस एजेंसी पर इन निर्देशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

 

जानकारी के मुताबिक, एजेंसी पर गैस बुकिंग की सुविधा सुचारु रूप से काम नहीं कर रही है। उपभोक्ताओं को अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग एजेंसी परिसर में लंबी कतार लगाकर खड़े हो जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उनका काम नहीं हो पाता।

 

लाभुकों का आरोप है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था लागू नहीं की जा रही है। जिन गैस सिलेंडरों को घर-घर पहुंचाया जाना चाहिए, उन्हें एजेंसी परिसर से ही वितरण किया जा रहा है। मजबूरी में लोगों को खुद ही सिलेंडर लेकर जाना पड़ रहा है, जिससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है। कई लोग मोटरसाइकिल और साइकिल से सिलेंडर ढोने को मजबूर हैं।

 

इसके अलावा उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मियों के रवैये पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कर्मचारियों द्वारा उन्हें घंटों बैठाकर रखा जाता है और काम करने के बजाय “आजकल” कहकर टाल दिया जाता है। इस तरह की कार्यशैली से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *