धनबाद : शहर के हाउसिंग कॉलोनी क्षेत्र में जर्जर पानी टंकी के ध्वस्तीकरण के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस प्रक्रिया में भाजपा नेता अमरेश सिंह के आवास को नुकसान पहुंच गया। घटना उस समय हुई जब हाउसिंग बोर्ड द्वारा टेंडर प्रक्रिया के तहत रांची की एक निजी कंपनी से टंकी को गिराने का काम कराया जा रहा था।

 

बताया जा रहा है कि ध्वस्तीकरण के दौरान इस्तेमाल की जा रही हाइड्रा मशीन अचानक असंतुलित हो गई, जिसके कारण टंकी नियोजित दिशा में गिरने के बजाय दूसरी ओर झुक गई और तेज आवाज के साथ नीचे आ गिरी। इस अप्रत्याशित घटना में पास स्थित अमरेश सिंह के घर की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, यह पानी टंकी वर्ष 1970 में हाउसिंग कॉलोनी क्षेत्र के लोगों को पेयजल आपूर्ति के उद्देश्य से बनाई गई थी। समय के साथ इसकी हालत काफी जर्जर हो चुकी थी और यह किसी भी वक्त गिरकर बड़ा हादसा कर सकती थी। स्थानीय लोगों द्वारा भी इसकी स्थिति को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही थी।

 

भाजपा नेता अमरेश सिंह ने बताया कि उन्होंने पूर्व उपायुक्त को पत्र लिखकर टंकी की खतरनाक स्थिति की जानकारी दी थी। इसके बाद नगर विकास विभाग और हाउसिंग बोर्ड से अनुमति मिलने पर इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया। हालांकि, ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका भी जताई जा रही है।

 

घटना के दौरान राहत की बात यह रही कि प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब दो घंटे पहले ही आसपास के रास्तों को बंद कर दिया था और लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था और जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता था।

 

फिलहाल, इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त मकान के आकलन और मुआवजे को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *