जामताड़ा : साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने नगद राशि, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

 

जानकारी के अनुसार, जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी क्षेत्र में सक्रिय होकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

 

पुलिस टीम ने बिंदापाथर थाना क्षेत्र के पगला मोड़ से दक्षिण दिशा में करीब 50 मीटर दूर एक मैदान में छापेमारी की, जहां पलाश के झुंड के पास बैठकर साइबर ठगी की जा रही थी। मौके से राहुल गोराई (30) और नयन मंडल (27), निवासी ग्राम शालूका, को गिरफ्तार किया गया।

 

इसी दौरान पुलिस को एक और सूचना नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव से मिली। छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां से जगदीश मंडल (29) को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,02,400 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एलपीजी गैस से संबंधित लिंक भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी जगदीश मंडल का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह वर्ष 2023 में भी साइबर ठगी के मामले में जेल जा चुका है। तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में कांड संख्या 18/26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे मामले की जांच में जुटी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *