धनबाद : बेटियों को गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान 30 मार्च से झारखंड के सभी जिलों में शुरू होने जा रहा है। इस अभियान को लेकर धनबाद जिले में भी स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

 

सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 30 मार्च से जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में एचपीवी टीका उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन का सिंगल डोज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में 15 वर्ष से कम आयु की करीब 31 हजार बच्चियों की पहचान की गई है, जिन्हें इस अभियान के तहत टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान अगले तीन महीनों तक चलेगा।

 

वहीं, डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सबसे अधिक होने वाला कैंसर सर्वाइकल कैंसर ही है। वर्तमान में हर एक लाख महिलाओं में लगभग 12 महिलाएं इस बीमारी से ग्रसित हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस संख्या को घटाकर 12 से 4 तक लाना है, जिसके लिए यह टीकाकरण अभियान बेहद अहम माना जा रहा है।

 

उन्होंने यह भी बताया कि एचपीवी वैक्सीन वर्ष 2006 से उपलब्ध है। निजी अस्पतालों में इस वैक्सीन के दो डोज दिए जाते हैं, जिसकी कीमत प्रति डोज लगभग 10 हजार रुपये तक होती है। लेकिन सरकार द्वारा यह टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बेटियों को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।

 

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाएं और उन्हें सुरक्षित भविष्य प्रदान करने में सहयोग करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *