भागलपुर शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बायपास थाना क्षेत्र के पिस्ता चौक के पास का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक छात्रा से मोबाइल छीन लिया। घटना के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने छात्रा को धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी परीक्षा भी छूट गई।
पीड़िता प्रियंका सुमन बीएन कॉलेज की छात्रा हैं और बीए पार्ट-वन इंग्लिश की परीक्षा देने टीएनबी लॉ कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनका मोबाइल छीनकर भागने लगे। प्रियंका ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया।
धक्का लगने से प्रियंका सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उनका हाथ टूट गया और वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक वह सड़क पर ही पड़ी रहीं। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला, होश में लाया और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना का सबसे बड़ा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ा है। प्रियंका ने बताया कि उसी दिन उनकी महत्वपूर्ण परीक्षा थी, लेकिन इस घटना के कारण वह परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने कहा कि साल भर की मेहनत इस एक घटना से बर्बाद हो गई और अब उनका पूरा साल खराब होने का खतरा है।
घटना के बाद प्रियंका के पति वासुदेव शाह भी काफी डरे और सहमे हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर, बायपास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से शहरवासियों में डर का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
