भागलपुर के नाथनगर थाना परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की मांग उठाई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों ने वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव से कहा कि सूखा नशा तेजी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है, जिससे युवा पीढ़ी अपराध की ओर बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से अपील की कि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का भविष्य बर्बाद होने से बचाया जा सके।
जन संवाद में नगर डीएसपी-2 राकेश कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि नाथनगर इलाके में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न इलाकों को चिन्हित कर सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा, ताकि अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
आगामी रामनवमी पर्व को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने को अवगत कराएं।
इस अवसर पर नाथनगर शांति समिति के सदस्य और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
