लखीसराय जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र में आपसी पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना तेतरहाट थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-12 की है, जहां दो सहोदर भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।

 

इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से राजेंद्र यादव और रिंकू देवी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से उमेश यादव, नारायण यादव और साबू देवी को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद अचानक बढ़ने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर दानिश इकबाल ने बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब दो घायल सड़क पर पड़े हुए थे और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए थे। कोई भी घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आ रहा था।

 

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पहल करते हुए सभी घायलों को अपने वाहन से उठाकर लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज विशेष निगरानी में किया जा रहा है

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *