बिहार के पूर्णिया जिले में बुधवार दोपहर नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो चचेरे भाई भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना धमदाहा थाना क्षेत्र के थारी राजो पंचायत स्थित एक ईंट भट्ठे के पास की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान राहुल कुमार (14), बैजू कुमार (14) और राज कुमार (15) के रूप में हुई है। राहुल और बैजू आपस में चचेरे भाई थे।
जानकारी के अनुसार, चंद्राही-शंकर चौक इलाके के पांच बच्चे बुधवार दोपहर करीब दो बजे नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया गया कि कुछ देर बाद दो बच्चे नदी से निकलकर अपने घर लौट गए, जबकि राहुल, बैजू और राज पानी में डूब गए। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
धमदाहा के अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन मृतकों के परिजनों का विवरण जुटा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश भी दिया है।
वहीं, धमदाहा थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद चंद्राही-शंकर चौक और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। एक साथ तीन बच्चों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।






