सहरसा में रामनवमी और चैती दुर्गापूजा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में 25 मार्च 2026 को स्थानीय प्रेक्षा गृह में जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हिमांशु की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में 98 दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जबकि सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में 44 दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और तत्काल कार्रवाई के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष 26 मार्च से 28 मार्च तक लगातार सक्रिय रहेगा। प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए आपसी सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पर्व के अवसर पर डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी संबंधित दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
इस मौके पर सदर और सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ मुख्यालय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने आम लोगों से भी शांति, सहयोग और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
