वैशाली जिले के चेहराकला प्रखंड के सेहान महमदपुर गांव की बेटी तनू खातून ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। तनू ने 461 अंक हासिल कर आर्ट्स संकाय में पूरे वैशाली जिले में टॉप किया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
तनू खातून के पिता मोहम्मद साहिद ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि तनू शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं और उन्होंने हमेशा कुछ बड़ा करने का सपना देखा है।
इधर, इस बड़ी उपलब्धि को देखते हुए वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने तनू खातून को समाहरणालय परिसर में बुलाकर सम्मानित किया। इस दौरान डीएम ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि तनू जैसे छात्र-छात्राएं जिले के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मान समारोह के दौरान तनू खातून काफी भावुक नजर आईं और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना और समाज के लिए कुछ बेहतर करना है।
इस मौके पर मौजूद लोगों ने भी तनू की सफलता पर खुशी जाहिर की और उन्हें बधाई दी। तनू खातून की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
अब तनू की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि अगर मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
