उदकिशुनगंज (मधेपुरा) प्रखंड के के.पी.एन. मध्य विद्यालय पिपरा करौती में बुधवार को एक दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं से भरी बस को जनप्रतिनिधि व शिक्षक गण ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बांका स्थित मंदार पर्वत के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना 2025-26 के तहत आयोजित इस शैक्षणिक यात्रा को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में सुबह से ही छात्रों और अभिभावकों की भीड़ जुटी रही। नीली यूनिफॉर्म में सजे बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए और यात्रा को लेकर उनकी खुशी साफ झलक रही थी।

इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मंदार पर्वत न केवल धार्मिक बल्कि ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने बताया कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं छात्रों के बौद्धिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उन्हें अपनी संस्कृति व विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक निलेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में आयोजित इस परिभ्रमण में बच्चों की सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए शिक्षक गण भी साथ रवाना हुए। शिक्षकों ने बच्चों को यात्रा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। इसके साथ ही विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष संजू देवी, रसोइया रंजू, अनीता और रीता देवी ने भी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों में ओमजीत कुमार, रंजीत मधेपुरिया, अरविंद साह, गजेन्द्र साह, मुनेश मुन्ना, चंदन सिंह और अविनाश पासवान प्रमुख रूप से शामिल थे।

बस के रवाना होते समय बच्चों ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया और “जय-जय” के नारों के साथ उत्साहपूर्वक अपनी यात्रा की शुरुआत की। पूरे माहौल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *