बिहार और झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। गया-धनबाद रेलखंड पर हाई स्पीड ट्रेनों के संचालन की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। स्पीड बढ़ाने को लेकर ट्रायल और निरीक्षण का काम तेज कर दिया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के तहत आने वाले गया-धनबाद रेलखंड को हाई स्पीड के लिए तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में हाजीपुर रेल जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बुधवार को इस महत्वपूर्ण सेक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक की गति को मौजूदा 160 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 180 किलोमीटर प्रति घंटे करने की संभावनाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण के लिए जीएम विशेष ट्रेन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद रेलवे स्टेशन तक पहुंचे। यात्रा के दौरान उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में जीएम छत्रसाल सिंह ने बताया कि अप्रैल 2025 में इस रूट पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति का सफल परीक्षण किया जा चुका है। अब रेलवे का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 180 किलोमीटर प्रति घंटा करना है, ताकि यात्रियों को तेज और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।
उन्होंने आगे बताया कि गया और धनबाद मंडल के बीच स्वचालित सिग्नल प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है। साथ ही ट्रैक कवरेज और मेंटेनेंस का काम भी तेजी से चल रहा है। निरीक्षण के दौरान स्पीड मॉनिटरिंग के साथ विभिन्न विभागों से जरूरी फीडबैक लिया गया, जिससे ट्रैक को हाई स्पीड संचालन के अनुरूप पूरी तरह तैयार किया जा सके।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म और स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। रेलवे की दीर्घकालिक योजना के तहत दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त रूटों पर हाई स्पीड ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी चल रही है।
ऐसे में गया-धनबाद रेलखंड पर चल रहा यह ट्रायल आने वाले समय में यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकता है।
