राजधानी पटना में 27 मार्च को रामनवमी का पर्व भव्य और दिव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। श्री महावीर स्थान न्यास समिति, पटना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आयोजन से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की हैं।
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव शायन कुणाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष रामनवमी पर पटना शहर में 52 स्थानों से भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। पूरे शहर को करीब 2 लाख भगवा ध्वज से सजाया जाएगा, जिससे धार्मिक उत्साह और भी बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में जगह-जगह कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे आयोजन की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की असुविधा या अव्यवस्था से तुरंत निपटा जा सके।
महावीर मंदिर में दर्शन की व्यवस्था को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं। बिना प्रसाद और माला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से एंट्री गेट खोला जाएगा, जिससे भीड़ का दबाव कम किया जा सके। साथ ही, सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 श्रद्धालुओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
पार्किंग की सुविधा के लिए बुद्धा स्मृति पार्क के पास विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, जो श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए शहर में 30 एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से महावीर मंदिर के लाइव दर्शन किए जा सकेंगे।
सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चोरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। प्रसाद नैवेद्यम के लिए 8 अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साथ ही, वीआईपी लोगों से दोपहर 12 बजे के बाद ही दर्शन करने की अपील की गई है, ताकि आम श्रद्धालुओं को पहले सुविधा मिल सके। कुल मिलाकर, इस बार पटना में रामनवमी का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित होने जा रहा है।
