दरभंगा: बिहार के दरभंगा शहर के लहेरियासराय पथ स्थित करमगंज इलाके में नाला निर्माण के दौरान बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। सोमवार शाम सड़क से गुजर रहे 28 वर्षीय साइकिल सवार विनोद राम निर्माणाधीन नाले में गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि नाले में खुले छोड़े गए लोहे के नुकीले सरिए में से एक उनके सीने में घुस गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बताया जा रहा है कि वार्ड 39 के रहने वाले विनोद राम साइकिल से करमगंज इलाके से गुजर रहे थे। नाला निर्माण के कारण सड़क पर जगह-जगह गिट्टी और पत्थर बिखरे हुए थे। इसी दौरान साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और विनोद सीधे निर्माणाधीन नाले में जा गिरे। मौके पर सुरक्षा के लिए न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग थी और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था।
नाले में सड़क से करीब डेढ़ फीट ऊपर तक लोहे के नुकीले सरिए खुले छोड़े गए थे। गिरते ही एक सरिया विनोद के सीने के बाईं तरफ घुस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की और घायल युवक को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी डीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
विनोद राम ने बताया कि सड़क पर निर्माण सामग्री बिखरी होने के कारण उनकी साइकिल का संतुलन बिगड़ा और वे नाले में गिर गए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।
वहीं, लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि युवक नाले में गिरकर घायल हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे डीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य सड़क किनारे नाला निर्माण के दौरान खुले सरिए और बिना बैरिकेडिंग के काम कराना राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।






