बिहार के भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही प्रकाश यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही परिवार के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान भुनेश्वर यादव और हीना देवी के रूप में हुई है, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना के संबंध में घायल पक्ष के वृद्ध पिता ने बताया कि करीब एक बीघा जमीन को लेकर परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले आपसी सहमति से जमीन को बराबर-बराबर बांटने की बात तय हुई थी, लेकिन आरोप है कि प्रकाश यादव बाद में ज्यादा हिस्से की मांग करने लगा। जब परिवार के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो वह आक्रोशित हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि प्रकाश यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर भुनेश्वर यादव, हीना देवी और अन्य पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के कई अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस विवाद की जानकारी पहले ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस पहले हस्तक्षेप करती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
फिलहाल मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
