भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलहा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छात्रा द्वारा स्कूल परिसर में झाड़ू लगाने का वीडियो सामने आया है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो कैमरे में कैद हो गया और अब यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्रा परिसर में सफाईकर्मी के साथ झाड़ू लगाती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय का मुख्य गेट बंद था। इस घटना को लेकर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि बच्चों से इस तरह का कार्य करवाना शिक्षा के अधिकार अधिनियम (Right to Education Act) का सीधा उल्लंघन माना जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर में बच्चों से सफाई जैसे काम करवाना नियमों के खिलाफ है और इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मामले की शिकायत विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से की गई है।
इस मामले में जब प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से बातचीत की गई, तो पहले उन्होंने इस घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही। बाद में उन्होंने बताया कि संभवतः सफाईकर्मी की पोती स्कूल परिसर में अपनी दादी के साथ मौजूद थी और हो सकता है कि वह दादी का हाथ बटाने के लिए झाड़ू लगाने लगी हो।
प्रधानाध्यापक ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय में सफाई के लिए अलग से सफाईकर्मी नियुक्त हैं और अगर बच्चों से झाड़ू लगवाने जैसी कोई बात सामने आती है तो यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और स्कूल के स्टाफ से पूछताछ की जाएगी।
साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और लोग शिक्षा विभाग से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
