सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करने के लिए रविवार को सुल्तानगंज में डाक कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही अजगैविनाथ की उत्तरवाहिनी गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बिहार और झारखंड के करीब एक लाख डाक कांवरियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और बाबा भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए पैदल देवघर के लिए रवाना हुए।
डाक कांवरियों के अलावा बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, नेपाल सहित कई राज्यों से हजारों की संख्या में बोल बम कांवरिया भी सुल्तानगंज पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर अजगैविनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और कांवर में गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर अपनी यात्रा शुरू की।
रविवार को पूरा सुल्तानगंज ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा। कांवरिया पथ पर हर तरफ भगवा वस्त्र पहने श्रद्धालु नजर आए। दूसरी सोमवारी को लेकर कांवरिया पथ पर भी चहल-पहल काफी बढ़ गई है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से नमामि गंगे घाट, अजगैविनाथ गंगा घाट, कांवरिया पथ और नगर परिषद क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वहीं, नगर परिषद सुल्तानगंज की ओर से शहर और कांवरिया मार्ग में साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। सुगम इंडिया एजेंसी के माध्यम से लगातार चार शिफ्टों में सफाई कार्य कराया जा रहा है।
हालांकि, अजगैविनाथ गंगा घाट पर जीओ बैग के क्षतिग्रस्त होने और उसके कारण घाट पर कीचड़ जमा होने से कांवरियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्नान के दौरान कई श्रद्धालुओं के फिसलकर गिरने की स्थिति भी सामने आ रही है। कांवरियों ने प्रशासन से घाट की स्थिति दुरुस्त कराने और सुरक्षित स्नान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।





