भागलपुर–मुंगेर फोरलेन परियोजना के अंतर्गत खड़िया पिपरा होल्ट के पास डायवर्सन नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर कई घंटों तक सड़क जाम कर अपनी मांगों को लेकर प्रशासन और फोरलेन निर्माण एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान खड़िया पिपरा पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह और जिला परिषद सदस्या आशा जायसवाल ने बताया कि खड़िया पिपरा होल्ट के पास डायवर्सन देने की स्वीकृति पहले ही विभाग की ओर से दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक वहां डायवर्सन का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फोरलेन निर्माण के कारण स्थानीय आवागमन प्रभावित हो रहा है। डायवर्सन नहीं होने से लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है और कई बार आपात स्थिति में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और फोरलेन निर्माण से जुड़े अधिकारियों से तत्काल खड़िया पिपरा होल्ट के पास डायवर्सन बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
इधर इस मामले में मुंगेर के जिलाधिकारी ने दूरभाष पर खड़िया पिपरा के मुखिया संजय कुमार सिंह से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि सोमवार को कार्यालय में आकर इस विषय पर चर्चा करें। जिलाधिकारी ने कहा कि खड़िया पिपरा होल्ट के पास डायवर्सन देने को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में पहले भी मुखिया संजय कुमार सिंह ने बिहार सरकार के गृहमंत्री सम्राट चौधरी और भागलपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था। विभाग की ओर से डायवर्सन की स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।
सड़क जाम के दौरान मुखिया संजय कुमार सिंह, बरियारपुर के जिला परिषद सदस्य दुर्गेश कुमार सिंह, सरपंच उधो यादव, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार, मुन्ना जायसवाल, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
