बिहार के सहरसा जिले से एक गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। कनरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सहरसा के माधव अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान 32 वर्षीय बलवीर कुमार, 18 वर्षीय नीरज कुमार, 33 वर्षीय कुमार शीतराज और 29 वर्षीय बलजीत कुमार के रूप में हुई है। सभी घायल कनरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
घायल बलजीत कुमार ने बताया कि गांव में रंजीत साह और बलवीर कुमार के बीच हंसी-मजाक के दौरान कहासुनी शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। इसी दौरान गांव के ही मंजीत कुमार उस घटना का वीडियो बनाने लगे। बलवीर ने वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद मंजीत कुमार ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर बलवीर कुमार पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फरसा, दबिया और फाइटर जैसे धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। जब बलवीर के चचेरे भाई नीरज कुमार, शीतराज कुमार और बलजीत कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीट दिया। इस हमले में बलवीर, नीरज और शीतराज के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार तीनों के सिर में करीब 18 से 32 टांके लगाए गए हैं।
माधव अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर अभिमन्यु कुमार ने बताया कि सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन उनकी चोटें गंभीर हैं और उनका इलाज जारी है।
वहीं पीड़ित शीतराज कुमार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और केस करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने इस मामले में सहरसा के पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की है।
इधर कनरिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद को लेकर दोनों तरफ से आवेदन मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
