झारखंड की राजधानी रांची से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। शादी के बाद हनीमून मनाने दुबई गए एक नवविवाहित जोड़ा खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण वहां फंस गया है। उड़ानों के रद्द होने से दोनों की वापसी फिलहाल टल गई है और परिवार वालों की चिंता बढ़ गई है।
रांची के रहने वाले स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी सेल के अधिकारी अतुल उरांव और उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं। दोनों ने 22 फरवरी 2026 को शादी की थी और शादी के बाद 27 फरवरी को हनीमून मनाने के लिए दुबई गए थे। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े सैन्य तनाव ने उनकी यात्रा की योजनाओं को प्रभावित कर दिया।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर खाड़ी देशों में भी देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इसके चलते हजारों यात्री और पर्यटक वहां फंस गए हैं। इसी बीच रांची का यह नवदंपति भी दुबई में रुकने को मजबूर हो गया है।
अतुल उरांव ने बताया कि वे अपने जीवन के सबसे खास पल को यादगार बनाने के लिए दुबई आए थे, लेकिन अचानक हालात बदल गए। उन्होंने कहा कि उड़ानों के रद्द होने की खबर के बाद से चिंता बढ़ गई है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल वे सुरक्षित हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं उनकी पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा ने कहा कि हालात को लेकर थोड़ी टेंशन जरूर है, लेकिन वे सुरक्षित हैं और जल्द से जल्द अपने घर लौटना चाहते हैं।
इधर रांची में दोनों परिवारों के बीच चिंता का माहौल है। परिजन लगातार फोन के जरिए संपर्क में हैं और अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर रखे हुए हैं। परिवार ने झारखंड सरकार से अपील की है कि केंद्र सरकार और यूएई स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय कर दुबई और खाड़ी देशों में फंसे झारखंड के लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
अब सबकी नजर हालात सामान्य होने और उड़ान सेवाएं बहाल होने पर टिकी है, ताकि यह नवदंपति जल्द अपने घर लौट सके।
