सहरसा – आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 28.02.2026 को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में 124 स्टैटिक दंडाधिकारियों तथा सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में 61 स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि त्वरित सूचना संप्रेषण और प्राप्त सूचनाओं पर शीघ्र कार्रवाई के उद्देश्य से जिला नियंत्रण कक्ष 02.03.2026 से 04.03.2026 तक तीन पालियों में लगातार कार्यशील रहेगा। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय सोशल मीडिया अनुश्रवण टीम को भी सक्रिय किया गया है। टीम द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का निरंतर अवलोकन किया जाएगा। यदि कोई तत्व आपसी सद्भाव बिगाड़ने या भ्रामक सूचना फैलाने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हिमांशु, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत सहित जिला स्तरीय शांति समिति के माननीय सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
