भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल से एक बड़ी खबर सामने आई है। बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत नाउआ बांध गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीते शाम की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

घायलों की पहचान सरफुद्दीन अंसारी, मोहम्मद तबरेज अंसारी, मोहम्मद मुन्ताज़र और अताउर रहमान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मोहम्मद शाहबाज अंसारी, हलीम अंसारी, मिनहाज अंसारी और कयूम अंसारी ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर चारों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

 

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत धोरैया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। साथ ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *