सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर भीड़ को उग्र बना दिया। मोरलाही के समीप ग्रामीणों ने एक अज्ञात महिला को बच्चा चोरी के संदेह में पकड़कर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
सदर थाना की सब-इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक महिला को बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचकर पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझाया-बुझाया और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।
घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार ने बताया कि महिला के शरीर पर अंदरूनी चोटों के संकेत मिले हैं। उसकी स्थिति का सही आकलन करने के लिए एक्स-रे और अन्य आवश्यक जांच कराई जा रही है। फिलहाल महिला अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है। वह केवल इतना कह रही है कि वह सहरसा जिले की रहने वाली है।
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं पहुंच गईं। प्रारंभिक तौर पर महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
सदर थाना अध्यक्ष शोएब अख्तर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
