सहरसा: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन आज एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने सहरसा पहुंचे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्थानीय मुद्दों से लेकर राज्य और राष्ट्रीय राजनीति तक कई विषयों पर अपनी बात रखी।
सबसे पहले उन्होंने सहरसा से महेशखूंट जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत पहले जैसी थी, आज भी वैसी ही बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस सड़क का शीघ्र सुधार कराया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और क्षेत्र का विकास तेज हो।
मिथिलांचल को अलग राज्य बनाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार एक बड़ा और सशक्त राज्य है और आगे भी एकजुट रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य को तोड़ने की बातों का कोई औचित्य नहीं है और विकास एकजुट रहकर ही संभव है।
उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार तीन दिनों तक सीमावर्ती क्षेत्रों में रहकर काम कर रहे हैं। यह उनकी कार्यशैली और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सीमावर्ती इलाकों के विकास के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है।
वहीं कांग्रेस पर हमला बोलते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल काम बिगाड़ना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री पर किया गया निजी हमला दुर्भाग्यपूर्ण है और यह राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
