गोपालपुर (भागलपुर)। “अपना बिहार झारखंड” चैनल द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के लगातार बंद रहने की खबर प्रकाशित किए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपालपुर की ओर से सैदपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HSC) की सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) से दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जारी पत्र में उल्लेख है कि 25 फरवरी 2026 को सुबह 10:30 बजे तक उप स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर बंद पाया गया। इससे पहले भी 13 फरवरी 2026 को निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिला था। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने और साप्ताहिक समीक्षा बैठक में समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है।
पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र नहीं खुलना गंभीर लापरवाही है, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के दो दिनों के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए, अन्यथा उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए अनुशंसा की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र अक्सर बंद रहता है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। अब देखना यह है कि विभागीय चेतावनी के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होता है या नहीं।
