कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है। सिमरी बख्तियारपुर स्थित एसडीपीओ कार्यालय के वार्षिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान विधि-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस जवानों ने डीआईजी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर एवं सर्किल इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
डीआईजी ने थानों में जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निपटारा होना चाहिए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो। उन्होंने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया।
होली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया। शांति समिति की बैठकें आयोजित करने तथा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यालय निरीक्षण के बाद डीआईजी ने सभी थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। लंबित मामलों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंट व कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित वाहन चेकिंग और गश्ती बढ़ाने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में डीआईजी ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
