सहरसा जिले के वनगांव थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान चैनपुर वार्ड संख्या 13, भागवत टोला निवासी सोनू कुमार झा की 32 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी उर्फ सोनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतका के पति दिल्ली में एक निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं। वे चार महीने पहले गांव आए थे और घटना के समय दिल्ली में ही मौजूद थे।
परिजनों के अनुसार पूजा कुमारी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उसकी इकलौती बहन की भी मौत हो चुकी है। मृतका के भाई सोनू कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बहन की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उन्होंने वनगांव थाना पुलिस को अवगत कराया।
थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती की हत्या कर परिजन जल्दबाजी में दाह संस्कार की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां शव घर में पड़ा मिला, जबकि ससुराल पक्ष के लोग फरार थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व में सास और बहू के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
