रेशमी शहर भागलपुर में होली के अवसर पर साहित्य और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। मारवाड़ी युवा मंच, भागलपुर उदय शाखा एवं सिद्ध शाखा के संयुक्त तत्वावधान में 1 मार्च, रविवार को रात्रि 9 बजे से मारवाड़ी पाठशाला मैदान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

 

प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन “मित्र बसंत गोष्ठी होली उत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। मंच पर महेंद्र अजनबी, डॉ. विनीत चौहान, डॉ. संजय झाला, दिनेश देसी घी, यशदीप कौशिक, महेंद्र मधुर और शशि श्रेया जैसे चर्चित कवि शामिल होंगे।

 

कवि सम्मेलन में मुख्य रूप से हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें समसामयिक मुद्दों पर तीखे और रोचक कटाक्ष सुनने को मिलेंगे। इसके साथ ही वीर रस, गीत और ग़ज़ल की भी आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे साहित्य प्रेमियों को विविध रसों का आनंद एक ही मंच पर मिलेगा।

 

आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम को पारिवारिक परिवेश में आयोजित किया जा रहा है, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग अपने परिवार के साथ इसका आनंद उठा सकें। होली के उल्लास और रंगों के बीच साहित्यिक रंगों से सजी यह शाम शहरवासियों के लिए खास और यादगार बनने वाली है।

 

मारवाड़ी युवा मंच की दोनों शाखाओं ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका मानना है कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सौहार्द का संदेश देते हैं।

 

होली के अवसर पर आयोजित यह अखिल भारतीय कवि सम्मेलन न सिर्फ मनोरंजन का माध्यम होगा, बल्कि साहित्य और संस्कृति के प्रति लोगों की रुचि को भी प्रोत्साहित करेगा।

 

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *