भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत रसलपुर थाना क्षेत्र के कुलकूलिया सिंचाई विभाग, वार्ड संख्या 13 नगर पंचायत में मंगलवार को भीषण आग लगने से आठ घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत एक घर में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से हुई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा सहनी के घर चूल्हे पर खाना बन रहा था। इसी दौरान अचानक निकली चिंगारी ने आसपास के फूस और ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस अगलगी की घटना में राजा सहनी, अमरजीत सहनी, सूरज सहनी, चंदन सहनी, पंकज सहनी, मनोज सहनी, मुन्ना सहनी और राजू सहनी के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग की चपेट में मछली पकड़ने के जाल, शादी के लिए रखे गए सामान, करीब दो लाख रुपये नकद, जेवरात, खाद्य सामग्री सहित टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बाल्टी और पंप के सहारे आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर बिहार अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।
बाद में दो दमकल वाहनों और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय प्रशासन ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
