आरा के भोजपुर जिला अंतर्गत नगर थाना क्षेत्र के गोपाली चौक स्थित एक सोने-चांदी की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि जैन आर्नामेंट्स नामक दुकान में आधा दर्जन की संख्या में लोग पहुंचे और दुकानदार से जेवरात की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपितों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और मौके से निकल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपितों ने दुकान के शीशे चकनाचूर कर दिए और अंदर रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद गोपाली चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि भोजपुर जिले के गजराजगंज थाना क्षेत्र के मसाढ़गांव के कुछ लोग इस घटना में शामिल हैं। दुकानदार का आरोप है कि ब्याज के पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था, इसी रंजिश में आरोपितों ने दुकान में तोड़फोड़ की है।
दुकान में हुई तोड़फोड़ की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने व्यवस्थित तरीके से शीशे और काउंटर को नुकसान पहुंचाया और फिर आराम से वहां से चले गए।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद व्यवसायियों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
