मध्य प्रदेश के धार जिला से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के पीथमपुर सेक्टर-1 स्थित हाउसिंग बोर्ड के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान एक नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दे दिया। घटना के बाद परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 9 बजे गणित की बोर्ड परीक्षा शुरू हुई थी। करीब एक घंटे बाद छात्रा को अचानक पेट में तेज दर्द महसूस हुआ। वह बाथरूम गई, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सूचना दी। उनकी सहायता से सुरक्षित प्रसव कराया गया। छात्रा ने एक पुत्र को जन्म दिया। बाद में मां और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 16 वर्ष 3 माह की छात्रा वर्ष 2017 से पीथमपुर क्षेत्र में रह रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह कुछ समय से गर्भवती थी, जिसकी जानकारी उसने अपने परिजनों से छिपाए रखी। जब परिवार को संदेह हुआ तो उसने अलग कारण बताया था। बताया जा रहा है कि उसकी सगाई भी हो चुकी थी।
मामले में एक युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने ‘जीरो’ पर केस दर्ज कर संबंधित थाना, बेटमा (जिला इंदौर) को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी निगरानी को लेकर सतर्कता बढ़ाने की बात कही है।
