भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत झंडापुर थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर खगड़िया से आ रही एक बस और नवगछिया की ओर जा रही दो छोटी गाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। अस्पताल लाने के बाद चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि की।

 

मृतकों में दो की पहचान कर ली गई है। पहला मृतक कुणाल कुमार (6 वर्ष), पिता अमन निषाद, निवासी मारर, थाना मोरकाही, जिला खगड़िया है। दूसरे मृतक की पहचान अरविंद मंडल के रूप में हुई है, जो कटिहार जिला के पोठिया थाना अंतर्गत समेली ग्राम निवासी शिबू मंडल के पुत्र थे। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

 

घटना में घायल हुए छह लोगों का इलाज Jawaharlal Nehru Medical College and Hospital (मायागंज अस्पताल) में वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों की निगरानी में किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नवगछिया की पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहपुर एवं अंचलाधिकारी बिहपुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को त्वरित रूप से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।

 

प्रशासन ने बताया कि एनएच-31 पर यातायात व्यवस्था फिलहाल सामान्य कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच मोटरयान निरीक्षक द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक रूप से तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।

 

पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *