नवगछिया स्थित रुंगटा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक प्लस टू शिक्षक पर फर्जी हस्ताक्षर कर उपस्थिति दर्ज करने का गंभीर आरोप लगा है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने सोमवार को बीईओ नवगछिया को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ शिक्षक उपस्थिति पंजी की छाया प्रति भी संलग्न की गई है, जिसमें कथित रूप से पहले से दर्ज हस्ताक्षर को प्रमाण के रूप में दर्शाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंटर स्तरीय परीक्षा 2026 के मद्देनजर डीपीओ माध्यमिक, भागलपुर के निर्देश पर विभिन्न विद्यालयों से शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसी क्रम में प्लस टू शिक्षक जलज कुमार कश्यप की ड्यूटी रुंगटा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगाई गई थी। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि संबंधित शिक्षक सोमवार को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। विद्यालय का समय सुबह 9 बजे से निर्धारित है, किंतु शिक्षक दोपहर 1:28 बजे विद्यालय पहुंचे।
आरोप के अनुसार, शिक्षक के विद्यालय पहुंचने से पहले ही उपस्थिति पंजी में उनके हस्ताक्षर दर्ज पाए गए। इसे विद्यालय प्रशासन ने फर्जी उपस्थिति दर्ज करने का मामला बताया है। प्रधानाध्यापिका ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता करार देते हुए कहा कि इससे न केवल विद्यालय की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है, बल्कि शैक्षणिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। मामले की जानकारी तत्काल बीआरसी नवगछिया को भी दे दी गई है।
इधर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि उपस्थिति पंजी, हस्ताक्षर और अन्य संबंधित तथ्यों की सूक्ष्म जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
घटना के बाद शिक्षकों की समयपालन और अनुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है कि दोष सिद्ध होने पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
