शहर के एक होटल में ‘पुष्प मित्र’ की 38वीं वार्षिक पुष्प प्रतियोगिता सह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न प्रकार के फूलों एवं पौधों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई। पूरे सभागार में रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और सुंदरता ने लोगों का मन मोह लिया।

 

प्रतियोगिता में फूलों की गुणवत्ता, रंग, आकार और सजावट के आधार पर पुरस्कार निर्धारित किए गए। प्रदर्शनी में गेंदा, पेटूनिया, पैंजी, गुलाब, इम्पेशंस, डहेलिया सहित कई दुर्लभ और आकर्षक प्रजातियों के फूलों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा सब्जियों और फलों के पौधों की भी विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें किचन गार्डनिंग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन से लोगों में बागवानी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति रुचि बढ़ती है। प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।

 

इस अवसर पर डॉ. हेम शंकर शर्मा और एनजीओ की अध्यक्ष डॉ. सुजाता शर्मा ने बताया कि संस्था हर वर्ष इस आयोजन को और व्यापक रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, जो संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने यह भी बताया कि घरों में पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

 

कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में और अधिक लोग इस पहल से जुड़ेंगे और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *