अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर द्वारा सोनवर्षाराज थाना में लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों की प्रगति, वारंट एवं कुर्की की स्थिति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अनुसंधान की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में उपस्थित सभी अनुसंधानकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन में तेजी लाई जाए तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गंभीर कांडों की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

समीक्षा के दौरान कांडों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और अनुसंधान में तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग पर बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण कर आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाए।

 

आगामी होली पर्व और रमजान को देखते हुए विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए, गश्ती बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया की निगरानी करने तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को हर हाल में कायम रखा जाएगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *