पूर्व निर्धारित समय और स्थान पर आयोजित संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत जगदीशपुर प्रखंड में जनता दल (यूनाइटेड) को नया नेतृत्व मिल गया। पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति में गुरुदेव मंडल को सर्वसम्मति से प्रखंड अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी हीरा पांडेय उपस्थित रहे और उन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। हालांकि, प्रखंड प्रवेक्षक मृत्युंजय कुशवाहा किसी कारणवश बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। इसके बावजूद निर्वाचन की औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गईं।
निर्वाचन की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। जदयू नेता सुड्डू साई एवं राकेश कुमार ओझा ने गुरुदेव मंडल को अंगवस्त्र और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नए प्रखंड अध्यक्ष का स्वागत किया।
अपने संबोधन में गुरुदेव मंडल ने संगठन के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही उनकी प्राथमिकता होगी और वे जनसेवा को सर्वोपरि रखेंगे।
पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि गुरुदेव मंडल के नेतृत्व में प्रखंड स्तर पर संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आगामी चुनावों और कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करेगा। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा में समर्पित रहने का संकल्प लिया।
