नगर सभापति राजकुमार गुड्डू ने जानकारी दी है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि निर्माणाधीन अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम गंगा पुल से एक शहरी एप्रोच पथ का निर्माण अति शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एप्रोच पथ नगर क्षेत्र के विकास के साथ-साथ श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

नगर सभापति के अनुसार, उपमुख्यमंत्री से नगर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से अजगैवीनाथ धाम तक बेहतर सड़क संपर्क, यातायात व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को विशेष महत्व देते हुए पहले से अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक ढंग से आयोजित करने की तैयारी की जाएगी।

 

राजकुमार गुड्डू ने यह भी बताया कि सुल्तानगंज शहर का नाम बदलकर अजगैवीनाथ धाम करने की पहल राज्य और केंद्र सरकार दोनों स्तर पर तेज कर दी गई है। नगर परिषद ने 19 जून 2024 को सामान्य समिति की बैठक में शहर और रेलवे स्टेशन के नामांतरण का प्रस्ताव बहुमत से पारित कर सरकार को भेजा था। अब प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शहर और स्टेशन का नाम आधिकारिक रूप से अजगैवीनाथ धाम किए जाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

 

रविवार को नगर सभापति ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र और बुके भेंट किया तथा नगर परिषद की ओर से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर क्षेत्र के व्यापक विकास, अगुवानी पुल से मंदिर तक एप्रोच पथ निर्माण और नामांतरण की मांग शामिल थी।

 

गौरतलब है कि गंगा तट पर स्थित अजगैवीनाथ धाम एक प्राचीन एवं ऐतिहासिक तीर्थ स्थल है। श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण करने जाते हैं। प्रस्तावित विकास योजनाओं से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया बल मिलने की उम्मीद है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *