सहरसा: 13 वर्षीय छात्र अंकित की हत्या से जिले में आक्रोश का माहौल है। इस बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव सहरसा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

 

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार हो रही हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि अपराधियों के मन से कानून का भय खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, “जब परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, तो आखिर 13 साल के मासूम अंकित की हत्या क्यों की गई? इसके पीछे जरूर कोई गहरी साजिश है।”

 

सांसद ने कहा कि केवल एक या दो शूटर की गिरफ्तारी से मामले का खुलासा पूरा नहीं माना जा सकता। पुलिस प्रशासन को इस केस की तह तक जाकर यह पता लगाना चाहिए कि हत्या के पीछे असली साजिशकर्ता कौन है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जरूरत पड़े तो इस मामले की जांच CBI से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

 

पप्पू यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार और समाज के लोगों को आशंका है कि यह सुनियोजित हत्या है। इसलिए प्रशासन को पारदर्शिता के साथ जांच करनी चाहिए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलानी चाहिए।

 

उन्होंने यह भी कहा कि समाज जानना चाहता है कि आखिर इस मासूम की हत्या के पीछे क्या वजह थी और किसके इशारे पर यह वारदात हुई। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि न्याय में देरी हुई तो वे सड़क से सदन तक आवाज उठाने का काम करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *