सहरसा जिला के वनमा इतिहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहरी गांव वार्ड नंबर 17 से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां पार्वती कुमारी (पिता– माहेश्वरी मंडल) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, पार्वती का गांव के ही युवक पांडव कुमार (पिता– लालू मंडल) के साथ प्रेम संबंध बताया जा रहा है। चर्चा है कि हाल ही में उसे यह जानकारी मिली कि युवक लोंडा डांस से जुड़ा हुआ है। इस बात से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सामाजिक दबाव और लोकलाज को लेकर भी वह तनाव में थी।
परिजनों के अनुसार, पार्वती ने साड़ी का सहारा लेकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के समय उसका भाई गणेश कुमार घर पर मौजूद नहीं था। उसकी पत्नी संगीता द्वारा सूचना दिए जाने पर वह घर पहुंचा। पार्वती छह बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी पांच बहनों की शादी हो चुकी है। पिता बाहर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि भाई गणेश कुमार ग्रामीण स्तर पर भजन गायक हैं।
ग्रामीणों द्वारा अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली। वनमा इतिहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
