जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के उद्देश्य से सहरसा पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान के तहत वाहनों की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अभियान अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। देर शाम से लेकर रात्रि तक विभिन्न चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं।
जांच के दौरान वाहन चालकों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। आम नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 06478-225554 भी जारी किया गया है, जिस पर किसी भी आपात स्थिति या सूचना की जानकारी दी जा सकती है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सहरसा पुलिस ने दोहराया कि जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
