सहरसा में मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के इस्लामिया चौक, वार्ड संख्या 16/19 स्थित एक घर में छापेमारी के दौरान की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सतीश कुमार, पिता देवनारायण सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में इस्लामिया चौक, वार्ड संख्या 16/19, सदर थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता वार्ड संख्या 7, ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र, जिला मधेपुरा बताया गया है। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कुल 80.790 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब विभिन्न ब्रांडों की कुल 167 बोतलों में पाई गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। शराब को जब्त कर विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मध्य निषेध संजीत कुमार, एएसआई अविनाश कुमार, बोआ लाल राय सहित उत्पाद बल के अन्य जवान शामिल थे। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घर की तलाशी ली और शराब बरामद होते ही आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
उत्पाद विभाग ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
