सहरसा जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय’ पार्ट-1, पार्ट-2 एवं पार्ट-3 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं की वर्तमान प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति तथा आगे की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

सात निश्चय पार्ट-1 एवं 2 के अंतर्गत आर्थिक हल, युवाओं को बल, आरक्षित रोजगार, महिलाओं को अधिकार, हर घर बिजली, हर घर नल का जल, हर खेत तक सिंचाई का पानी, स्वच्छ ग्राम-समृद्ध ग्राम, सुलभ संपर्कता एवं अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधा जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

उच्चतर शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1032 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन में और तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता योजना के अंतर्गत वर्तमान में 2651 लाभुक लाभान्वित हो रहे हैं।

 

जिला पंचायत राज विभाग द्वारा संचालित पंचायत सरकार भवन योजना की समीक्षा में बताया गया कि 38 भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 60 भवन निर्माणाधीन हैं। इन्हें शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल की जलापूर्ति योजना के तहत 1725 वार्डों में योजना संचालित है, जबकि दो वार्डों में कार्य बाधित है, जिसे शीघ्र चालू करने को कहा गया।

 

महिलाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री बालिका स्नातक योजना के अंतर्गत लगभग 17,600 छात्राएं लाभान्वित हुई हैं। सात निश्चय पार्ट-3 के तहत मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना में 4,10,394 लाभुकों को जोड़ा गया है।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर समाहर्ता श्री निशांत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *