दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी कड़ी में भागलपुर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

 

भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर के दानवीर भामाशाह चौक पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री पर की गई कथित टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

 

जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस ने देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

 

वहीं भाजपा नेता अश्वनी जोशी मोंटी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशहित से जुड़े कार्यक्रमों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति की ओर देख रहा है, तब इस तरह का विरोध प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है।

 

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एक ओर भाजपा कांग्रेस से माफी की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *