भागलपुर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के प्रांगण में बीएयू क्रिकेट लीग प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन माननीय कुलपति डॉ॰ डी.आर. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि पुरुष एवं महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन निदेशक छात्र-कल्याण डॉ॰ श्वेता शाम्भवी ने किया।
उद्घाटन अवसर पर डॉ॰ श्वेता शाम्भवी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए 21 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया। 21 फरवरी को उन्होंने स्वयं बैटिंग कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया और सभी प्रतिभागियों को निष्ठा एवं अनुशासनपूर्वक खेलने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठातागण, निदेशकगण, कुलसचिव, नियंत्रक, प्राचार्य, जनसंपर्क पदाधिकारी एवं खेल-कूद प्रभारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन महिला वर्ग के पहले मैच में कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, सबौर की यूजी टीम और बिहार कृषि महाविद्यालय, सबौर की यूजी टीम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की टीम विजयी रही। वहीं पुरुष वर्ग में विश्वविद्यालय प्रशासनिक टीम और बिहार कृषि महाविद्यालय, सबौर की पीजी टीम के बीच खेले गए मैच में विश्वविद्यालय प्रशासनिक टीम ने जीत दर्ज की।
दिन के तीसरे मुकाबले में बिहार कृषि महाविद्यालय, सबौर की यूजी टीम और कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, सबौर की यूजी टीम आमने-सामने हुईं, जिसमें बिहार कृषि महाविद्यालय की यूजी टीम विजेता रही।
आगामी मुकाबलों में महिला वर्ग में फैकल्टी और कृषि जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की यूजी टीमों के बीच मैच होगा, जबकि पुरुष वर्ग में फैकल्टी बनाम कृषि जैव प्रौद्योगिकी यूजी टीम तथा विश्वविद्यालय प्रशासनिक टीम बनाम बिहार कृषि महाविद्यालय यूजी टीम के बीच मुकाबला खेला जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
